उत्तराखंड पुलिस में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है. प्रांतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों की जिम्मेदारी में बदलाव से जुड़ा आदेश जारी हुआ है. हालांकि, पहले से ही इस बात को लेकर सुगबुगाहट चल रही थी कि जल्द ही पुलिस विभाग में अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं. ऐसे में सरकार ने इस पर मुहर लगाई है.
प्रांतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के ट्रांसफर: उत्तराखंड पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. प्रांतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं. इसमें प्रवेश भर के कई विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव हुए हैं.
देहरादून से लेकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी एडिशनल एसपी पद के इन अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है. अधिकारियों को जनहित और रिक्तियों के सापेक्ष तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. सभी अधिकारियों को अविलंब नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.
आदेश के अनुसार, प्रमोद कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर भेजा गया है. स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक देहात-2 देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है.
मनोज कत्याल को अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल के पद से हटाकर उपसेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, उत्तम सिंह नेगी को अपर पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर से अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून भेजा गया है.

हरबंस सिंह का तबादला अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा से अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल के पद पर किया गया है. जबकि, शेखर चंद्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक देहात हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून की जिम्मेदारी मिली है.
इसी तरह अनुषा बडोला को अपर पुलिस अधीक्षक एटीसी हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात उधम सिंह नगर भेजा गया है. वहीं, अमित कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक नैनीताल से अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी बनाया गया है.
राजेश कुमार भट्ट को पुलिस अधीक्षक सतर्कता, उच्च न्यायालय उत्तराखंड नैनीताल के पद से अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है. जबकि, मिथिलेश कुमार सिंह को उपसेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी से पुलिस अधीक्षक सतर्कता, उच्च न्यायालय उत्तराखंड नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा अभय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ग्रामीण और दीपक सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी से अपर पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नगर के पद पर तैनात किया गया है.
