उत्तरांचल विश्वविद्यालय, प्रेमनगर, देहरादून में आज “डिजिटल एम्पावरमेंट: कंप्यूटर फंडामेंटल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम” के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। श्री नित्यानंद स्वामी जन सेवा समिति के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु दी गई ट्रेनिंग का समापन हुआ।
मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मान:
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत एवं समाज कल्याण मंत्री श्री खजान दास रहे। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री जितेंद्र जोशी व कुलपति की गरिमामयी उपस्थिति में कैंट जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य श्री यशपाल सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंच पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का संचालन विवेकानंद ऑडिटोरियम में किया गया।
श्री यशपाल सिंह का सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं,
बल्कि उन सभी शिक्षकों का सम्मान है जो सीमित संसाधनों में भी सरकारी स्कूलों के बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं।
“पहले परिवार, फिर समाज” – शिक्षक का पहला परिवार उसके छात्र होते हैं। जब शिक्षक अपने छात्रों को सशक्त करता है, तभी समाज डिजिटल रूप से सशक्त होता है।
