प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। शनिवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने डीजीपी दीपम सेठ और शासन-प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएस आनन्द बर्द्धन ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, डीएम सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के साथ पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक तैयारियों को परखा।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही सीएस ने शहर की यातायात व्यवस्था को पीएम मोदी के दौरे के दौरान सुचारू रूप से संचालित किए जाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएस ने डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान सीएस बर्द्धन ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बनने से एक ओर दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने का समय कम होगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी में सुधार होगा। वहीं दूसरी ओर इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बूस्ट मिलेगा।
